देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के उत्सव से पहले रविवार को देहरादून में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली हर घर तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी यात्रा में प्रतिभाग किया और प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
यात्रा के दौरान पूरा मार्ग तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों के स्वाभिमान, एकता और राष्ट्र गौरव का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से राष्ट्रभक्ति की भावना को हमेशा जीवंत रखने की अपील की।
इंद्रमणि बडोनी और डॉ. आंबेडकर को दी श्रद्धांजलि
हर घर तिरंगा यात्रा में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने घंटाघर पहुंचकर उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद मुख्यमंत्री हजारों लोगों के साथ गांधी पार्क से घंटाघर तक तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान सिर्फ देवभूमि के रूप में नहीं, बल्कि वीरभूमि के रूप में भी है। प्रदेश के हजारों परिवारों के युवा देश की सीमाओं की रक्षा में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
‘भारत तेजी से बन रहा आत्मनिर्भर’- सीएम धामी
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। मेक इन इंडिया, डिजिटल तकनीक और स्वदेशी तकनीक के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने अपनी सैन्य क्षमता का परिचय दुनिया को कराया है। अब भारत रक्षा क्षेत्र में केवल अपनी जरूरतें पूरी करने वाला देश नहीं, बल्कि रक्षा उपकरणों का निर्यात भी कर रहा है।
उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था पर भी बोले धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और हवाई कनेक्टिविटी जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर काम कर रही है। उनके मुताबिक प्रदेश में 30 से अधिक क्षेत्रों के लिए विशेष नीतियां लागू की गई हैं।
धामी ने दावा किया कि पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या भी 1750 से अधिक हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि उत्तराखंड में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है और सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने के मामले में राज्य देश में पहले स्थान पर रहा है।
‘देवभूमि के मूल स्वरूप से नहीं होने देंगे खिलवाड़’
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान को लेकर भी सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि के मूल स्वरूप से किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
धामी ने धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और समान नागरिक संहिता का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने इन क्षेत्रों में कड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि 250 से अधिक अवैध मदरसों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें बंद किया गया है।
34 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी का दावा
रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है।
इसके लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम स्टे और पर्यटन नीति समेत विभिन्न योजनाओं के जरिए युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में करीब 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है।
तिरंगा यात्रा में ये लोग रहे मौजूद
हर घर तिरंगा यात्रा में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आम लोग शामिल हुए।
