मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026, युवाओं को मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026, युवाओं को मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग

देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’ जल्द शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस योजना को पहले ही मंजूरी दे चुके हैं। अब योजना के विधिवत शुभारंभ की तैयारियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री द्वारा जल्द ही इसकी औपचारिक शुरुआत की जाएगी।

UPSC से लेकर SSC और बैंकिंग तक की तैयारी

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026 के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।

योजना में सिविल सर्विसेज (UPSC/PSC), रक्षा सेवाओं (CDS), बैंकिंग, रेलवे और SSC जैसी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को शामिल किया गया है। इसके अलावा प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश और पात्रता निर्धारण के लिए आयोजित होने वाली CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी विद्यार्थियों को ऑनलाइन मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को मिलेगा फायदा

सरकार की इस पहल का सबसे बड़ा फायदा उन विद्यार्थियों को मिलने की उम्मीद है, जो आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण निजी कोचिंग संस्थानों की महंगी फीस वहन नहीं कर पाते हैं। योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण कोचिंग, मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

खास तौर पर दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं के लिए यह योजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अक्सर बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। ऐसे में ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिलने से उन्हें अपने घर या कॉलेज से ही तैयारी करने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री पहले ही दे चुके हैं योजना को मंजूरी

राज्य सरकार की ओर से युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने तथा इसके लिए एक समर्पित योजना शुरू करने का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंजूरी मिली है।

अब योजना के औपचारिक शुभारंभ के लिए तिथि निर्धारित की जानी है। मुख्यमंत्री द्वारा शुभारंभ किए जाने के साथ ही विद्यार्थियों को ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।

युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मिलेगा बेहतर प्लेटफॉर्म

सरकार का मानना है कि इस योजना के जरिए राज्य के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक ऐसा प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जा सकेगा, जहां उन्हें गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिल सके। इससे प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने और रोजगार के अवसर हासिल करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026 को उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top