Nanda Sunanda Mahotsav Nainital: मां नंदा-सुनंदा की आरती में शामिल हुए CM Dhami, धार्मिक पर्यटन से रोजगार बढ़ाने पर जोर

Nanda Sunanda Mahotsav Nainital: मां नंदा-सुनंदा की आरती में शामिल हुए CM Dhami, धार्मिक पर्यटन से रोजगार बढ़ाने पर जोर

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल मंगलवार को मां नंदा-सुनंदा की भक्ति और लोक संस्कृति के रंग में रंगी नजर आई। नंदा-सुनंदा महोत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूजा-अर्चना और आरती कर प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने धार्मिक पर्यटन को स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि इससे युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं के लिए स्वरोजगार और पहाड़ी उत्पादों के लिए नया बाजार तैयार होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा देवी महोत्सव की पहचान केवल धार्मिक आयोजन के रूप में नहीं है। यह कुमाऊं की आस्था, लोक संस्कृति और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं को एक साथ जोड़ता है। नंदा-सुनंदा के स्वागत से लेकर लोकगीत, झोड़ा-चांचरी और ढोल-दमाऊं तक यहां की सांस्कृतिक विरासत इस आयोजन में दिखाई देती है।

धार्मिक पर्यटन से स्थानीय अर्थव्यवस्था को जोड़ने पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल को दुनिया पर्यटन नगरी के रूप में जानती है, लेकिन यहां आस्था और अध्यात्म के भी कई महत्वपूर्ण केंद्र हैं। नैना देवी मंदिर, कैंची धाम, हनुमानगढ़ी और मुक्तेश्वर जैसे धार्मिक स्थलों के कारण जिले में धार्मिक पर्यटन की बड़ी संभावनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार “विकास भी और विरासत भी” की सोच के साथ इन संभावनाओं पर काम कर रही है। केदारखंड की तर्ज पर कुमाऊं में मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत पौराणिक और धार्मिक स्थलों को विकसित किया जा रहा है। सरकार का दावा है कि इससे श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ने के साथ स्थानीय कारोबार को भी फायदा मिलेगा।

युवाओं को रोजगार, महिलाओं के उत्पादों को बाजार

धामी ने धार्मिक पर्यटन को रोजगार से जोड़ते हुए कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ने का सीधा लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंचना चाहिए। पर्यटन गतिविधियां बढ़ने से युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।

महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पाद तैयार करने वाली महिलाओं के लिए भी बाजार बढ़ाने की बात मुख्यमंत्री ने कही। उन्होंने कहा कि महिलाओं को ऐसे बिक्री केंद्र उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, जहां वे अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचा सकें। मुख्यमंत्री के मुताबिक महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण की व्यवस्था भी की गई है।

नैनीताल में स्वास्थ्य से सड़क तक सुविधाएं बढ़ाने की बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल जिले में पर्यटन के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और कनेक्टिविटी से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर करने पर सरकार का फोकस है। प्रयास है कि पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सामान्य स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

जमीन और सांस्कृतिक पहचान की सुरक्षा का भी किया जिक्र

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में जमीन और संसाधनों के संरक्षण से जुड़े सरकार के फैसलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में भूमि कानून में किए गए बदलाव के बाद 11 पर्वतीय जिलों में बाहरी राज्यों के लोगों द्वारा कृषि और उद्यान श्रेणी की भूमि खरीदने पर रोक का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने समान नागरिक संहिता का जिक्र करते हुए इसे महिलाओं के अधिकारों से जोड़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में UCC 27 जनवरी 2025 से लागू है।

सरकारी नौकरियों का आंकड़ा भी बताया

युवाओं के रोजगार पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में अब तक 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार दिया गया है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मौजूद लोगों से भी पिछले पांच वर्षों में सरकारी नौकरी पाने वाले युवाओं की संख्या पूछी, जिस पर जनसमूह की ओर से 35 हजार का जवाब आया।

मां नंदा-सुनंदा की आरती में भी शामिल हुए सीएम धामी

महोत्सव में मुख्यमंत्री ने मां नंदा-सुनंदा की आरती की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि सरकार संस्कृति और विरासत के संरक्षण के साथ रोजगार, स्वरोजगार और विकास को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मंडलायुक्त दीपक रावत, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और आयोजन से जुड़े लोग मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top