बड़ी उपलब्धिः एसडीजी इंडेक्स में उत्तराखंड का शानदार प्रदर्शन, देशभर में हासिल किया पहला स्थान

बड़ी उपलब्धिः एसडीजी इंडेक्स में उत्तराखंड का शानदार प्रदर्शन, देशभर में हासिल किया पहला स्थान

देहरादून। सतत विकास लक्ष्यों (Sustainable Development Goals) को लेकर उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धि हासिल की है। नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में पिछली बार 10वें स्थान पर रहा उत्तराखंड अब देश में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर ही उत्तराखंड आगे बढ़ रहा है और यही मॉडल राज्य के भविष्य की मजबूत नींव बनेगा।

अल्मोड़ा स्थित उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय एसडीजी अचीवर्स अवार्ड समारोह में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार और सतत विकास की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 32 संगठनों, व्यक्तियों और समूहों को सम्मानित किया गया। वहीं जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छह जनपदों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने सम्मानित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोग वास्तव में प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं और कर्मयोगियों ने अपने कार्यों से यह साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर असंभव दिखने वाले लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के सामने अनेक चुनौतियां रहती हैं, लेकिन पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास को साथ लेकर चलना ही स्थायी विकास का रास्ता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन, गरीब कल्याण, सीमांत क्षेत्रों के विकास और सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से राज्य की विकास यात्रा को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 4.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। साथ ही बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी लाकर उत्तराखंड ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है।

उन्होंने कहा कि उद्योग, स्टार्टअप, हेलीकॉप्टर सेवा, ग्रीन एनर्जी और हाईवे निर्माण जैसे क्षेत्रों में तेजी से हुए कार्यों के चलते राज्य में रिवर्स पलायन बढ़ा है। अब लोग अपने गांवों की ओर लौट रहे हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर अपनाकर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि एसडीजी रैंकिंग में उत्तराखंड का शीर्ष स्थान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्पों के साथ राज्य के कर्मयोगियों की मेहनत का परिणाम है।

प्रमुख सचिव नियोजन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी एंड गुड गवर्नेंस (CPPGG) डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने एसडीजी की अवधारणा और राज्य की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए जनपद के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

जिला स्तरीय एसडीजी रैंकिंग में रुद्रप्रयाग को पहला स्थान मिला। उत्तरकाशी और नैनीताल संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे, जबकि बागेश्वर, चमोली और टिहरी को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैडा, विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल, दर्जाधारी राज्य मंत्री गंगा बिष्ट और गोविंद पिलख्वाल, सदस्य पलायन आयोग अनिल सिंह साही, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, मेयर अल्मोड़ा अजय वर्मा, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी CPPGG मनोज पंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top